झारखंड से शराब तस्करी का खुलासा, 104 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, टाटा टैगोर कार से 12 पेटी शराब बरामद, दो गिरफ्तार

झारखंड से शराब तस्करी का खुलासा, 104 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, टाटा टैगोर कार से 12 पेटी शराब बरामद, दो गिरफ्तार

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी का मामला सामने आया है। पुलिस ने झारखंड से अंग्रेजी शराब लेकर आ रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को 18 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि गढ़वा जिले के ग्राम डोल निवासी अभिमन्यु गुप्ता अपने साथी के साथ सफेद रंग की टाटा टैगोर कार क्रमांक JH 03 AB 3301 में भारी मात्रा में शराब लेकर रामचंद्रपुर की ओर आ रहा है।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी ने टीम के साथ बताए गए मार्ग पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार आती दिखाई दी। पुलिस ने इशारा कर वाहन रुकवाया। चालक और उसका साथी कार छोड़कर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अभिमन्यु गुप्ता और प्रभात कुमार गुप्ता, निवासी ग्राम डोल, थाना चिनिया, जिला गढ़वा (झारखंड) बताया।

गवाहों की मौजूदगी में कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 8 पेटी ब्लेंडर्स प्राइड और 4 पेटी रॉयल स्टेज समेत कुल करीब 104 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत 1 लाख 46 हजार 820 रुपये आंकी गई है। साथ ही करीब 4 लाख रुपये की टाटा टैगोर कार भी जब्त की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 09/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।