बुजुर्ग दंपत्ति को हथियार दिखाकर लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बाइक और हथियार जब्त

रिसाली के शुभकामना हाइट्स में घर में घुसकर की थी वारदात, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नेवई पुलिस ने दबोचा

बुजुर्ग दंपत्ति को हथियार दिखाकर लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बाइक और हथियार जब्त

दुर्ग। नेवई थाना क्षेत्र के रिसाली स्थित शुभकामना हाइट्स में घर में घुसकर बुजुर्ग दंपत्ति को धारदार हथियार दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने घटना के महज एक दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को प्रार्थी वी. कुमार (59) ने थाना नेवई में शिकायत दर्ज कराई कि 4 जुलाई को वह ड्यूटी पर गए हुए थे। इसी दौरान घर में काम करने वाली गिरजा यादव ने फोन कर बताया कि फ्लैट नंबर 109 में उनके बुजुर्ग सास-ससुर के घर में एक अज्ञात युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर घुस गया। आरोपी ने धारदार हथियार दिखाकर दोनों को डराया और सोने-चांदी व नगदी की मांग की। इसके बाद वह सोने का नेकलेस लेकर फरार हो गया।

शिकायत के आधार पर थाना नेवई में अपराध क्रमांक 436/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 351(3), 333 और 127(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों के बयान दर्ज किए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विभान्शु महोबिया (21 वर्ष) निवासी मंडला (मध्य प्रदेश), हाल निवासी हॉस्पिटल सेक्टर, भिलाई नगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार तथा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। आरोपी को 6 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।