ऑटो और मालवाहक वाहनों की बैटरी चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 15 बैटरियां बरामद

ऑटो और मालवाहक वाहनों की बैटरी चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 15 बैटरियां बरामद

भिलाई। सुपेला थाना पुलिस ने घरों के बाहर खड़े ऑटो और मालवाहक वाहनों से बैटरी चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 15 बड़ी बैटरियां बरामद की हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, फरीद नगर निवासी कलीम खान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह प्रतिदिन अपने ऑटो (CG-07-T-2874) को घर के बाहर खड़ा करते हैं। 30 जुलाई 2026 की सुबह वाहन की सफाई के दौरान ऑटो की बैटरी गायब मिली। पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर एक अज्ञात युवक रात करीब 2:50 बजे बैटरी निकालकर ले जाते हुए दिखाई दिया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर इमरान कुरैशी (29 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने फरीद नगर और आसपास के क्षेत्रों में घरों के बाहर खड़े ऑटो और टाटा-एस जैसे मालवाहक वाहनों से बैटरियां चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर विभिन्न कंपनियों की 15 बड़ी बैटरियां बरामद कर जब्त की गईं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए लगातार वाहन बैटरी चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। उसके खिलाफ पहले से भी चोरी के मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। सुपेला पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के जरिए वाहन बैटरी चोरी की श्रृंखलाबद्ध घटनाओं का खुलासा कर क्षेत्र के लोगों को राहत दिलाई है।

आरोपी का नाम :

1. इमरान कुरैशी, उम्र 29 वर्ष, मूल निवासी गौरेला, जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, वर्तमान निवासी दुर्गापारा, सुपेला, जिला दुर्ग।