निःशुल्क हृदय रोग परामर्श शिविर में उमड़ी भीड़

भिलाई नगर कालीबाड़ी में हुआ आयोजन

निःशुल्क हृदय रोग परामर्श शिविर में उमड़ी भीड़

भिलाई। हृदय रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को सेक्टर-6 स्थित भिलाई नगर कालीबाड़ी परिसर में निःशुल्क हृदय रोग परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल रायपुर और भिलाई नगर कालीबाड़ी समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।

शिविर में प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. स्नेहिल गोस्वामी ने मरीजों की जांच कर उन्हें हृदय रोगों के लक्षण, कारण और बचाव के उपायों की जानकारी दी। सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, अनियमित धड़कन, जल्दी थकान, सीने में जलन तथा कंधे, बांह, पेट और पीठ में दर्द जैसी समस्याओं से पीड़ित लोगों ने विशेष रूप से शिविर का लाभ उठाया। आयोजकों द्वारा निःशुल्क रक्तचाप (बीपी), ब्लड शुगर और ईसीजी जांच की व्यवस्था की गई थी।

जांच के दौरान कई लोगों में हृदय रोग और मधुमेह से संबंधित प्रारंभिक लक्षण पाए गए, जिनके लिए चिकित्सकों ने आगे आवश्यक जांच और उपचार की सलाह दी। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले शिविर में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। इस अवसर पर चिकित्सकों ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनावमुक्त जीवनशैली और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि हृदय रोगों की रोकथाम के लिए जागरूकता और समय पर जांच सबसे प्रभावी उपाय है।