झारखंड से दुर्ग तक फैला अफीम तस्करी नेटवर्क बेनकाब, दो तस्करों से 15 लाख की अफीम जब्त

झारखंड से दुर्ग तक फैला अफीम तस्करी नेटवर्क बेनकाब, दो तस्करों से 15 लाख की अफीम जब्त

दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कुम्हारी पुलिस ने अंतरराज्यीय अफीम तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए झारखंड के गुमला जिले से जुड़े दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। मामले में करीब 15 लाख रुपए कीमत की अफीम जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार थाना कुम्हारी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ अफीम की खरीदी-बिक्री और तस्करी की सूचना मिलने पर कार्रवाई शुरू की गई थी। जांच के दौरान आरोपी राजकेश्वर साहू से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। मोबाइल कॉल डिटेल और आपसी संपर्कों की जांच में पता चला कि झारखंड से अफीम लाकर दुर्ग क्षेत्र में सप्लाई की जा रही थी।

विवेचना के दौरान अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े सुरेंद्र साहू उर्फ सुंदर साहू की भूमिका सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र साहू उर्फ सुंदर साहू और राजकेश्वर साहू, दोनों निवासी थाना गुमला जिला गुमला, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 लाख रुपए की अफीम, मोबाइल फोन और 8 हजार रुपए नगद जब्त किए हैं।

मामले में थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 89/2026 के तहत धारा 18(ख), 27(क) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।