नाले किनारे अवैध कब्जों पर निगम की कार्रवाई

मदर टेरेसा नगर में निर्माणाधीन अवैध भवन ध्वस्त, नाला निर्माण में बन रहे थे बाधा

नाले किनारे अवैध कब्जों पर निगम की कार्रवाई

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई ने शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर बुधवार को जोन-3 मदर टेरेसा नगर क्षेत्र में निगम की टीम ने निर्माणाधीन अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई की।

निगम प्रशासन के अनुसार वार्ड क्रमांक 33 संतोषी पारा कैम्प-2 में तेल्हा नाला के चैनलाइजेशन का कार्य जारी है। गौरव पथ के पास नाले किनारे कुछ लोगों द्वारा बिना अनुमति भवन निर्माण कर कब्जा किया गया था, जिससे नाला निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था।

निगम ने कब्जाधारियों को पहले ही नोटिस जारी कर भवन स्वामित्व और निर्माण अनुमति संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। साथ ही स्वयं कब्जा हटाने को भी कहा गया था, लेकिन निर्धारित समय तक अवैध निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

प्रशासन के मुताबिक क्षेत्र संवेदनशील होने के कारण बेदखली कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई।

कार्रवाई के दौरान जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता, सहायक अभियंता नितेश मेश्राम, उप अभियंता दीपक देवांगन, सहायक राजस्व अधिकारी बसंत देवांगन, जोन स्वास्थ्य अधिकारी बीरेन्द्र बंजारे, स्वच्छता निरीक्षक चुड़ामणी यादव, बेदखली सहायक हरिओम गुप्ता सहित निगम का अमला मौजूद रहा।