स्टेशन रोड पर चापड़ लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार

भिलाई। शहर के व्यस्त भिलाई नगर रेलवे स्टेशन रोड पर उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक युवक धारदार हथियार लेकर लोगों को डराता नजर आया। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक 7 फरवरी 2026 को टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति हाथ में लोहे का चापड़ लेकर आम नागरिकों को लहरा कर भयभीत कर रहा है। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का चापड़ बरामद किया गया। पूछताछ में उसकी पहचान अभय गजभिये (22 वर्ष), निवासी रमण मोहल्ला, सुपेला के रूप में हुई।

आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 218/26 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। विधिवत गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय यादव, प्रधान आरक्षक प्रकाशचंद तिवारी और आरक्षक आशीष साहु की भूमिका महत्वपूर्ण रही।