सेक्टर-10 के कोचिंग सेंटरों में छापा, 20 संस्थानों को नोटिस, 8 दिन में सुधार नहीं तो होगी सीलिंग कार्रवाई








भिलाई। लखनऊ में कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना के बाद दुर्ग जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। सोमवार को एसडीआरएफ की टीम ने भिलाई के सेक्टर-10 स्थित कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों में गंभीर कमियां मिलने पर 20 कोचिंग सेंटरों को नोटिस जारी कर 8 दिन के भीतर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान जिन कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा व्यवस्था अधूरी मिली, उन्हें तत्काल खाली करा दिया गया। इन संस्थानों में फिलहाल ऑफलाइन कक्षाएं बंद रहेंगी और छात्रों की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से कराई जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में कमियां दूर नहीं होने पर संबंधित कोचिंग सेंटरों को सील करने सहित नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला नगर सेनानी एवं डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिले के सभी कोचिंग सेंटरों का चरणबद्ध निरीक्षण किया जा रहा है। पहले चरण में सेक्टर-10 के कोचिंग सेंटरों की जांच पूरी कर ली गई है। इसके बाद सेक्टर-5, सेक्टर-6 और सेक्टर-7 के कोचिंग संस्थानों का भी निरीक्षण किया जाएगा।
जांच के दौरान टीम ने फायर एक्सटिंग्विशर, होज रील, हाइड्रेंट, स्मोक डिटेक्टर, पर्याप्त जल व्यवस्था, आपातकालीन निकास और भवन में वेंटिलेशन जैसी सुरक्षा सुविधाओं का निरीक्षण किया। कई संस्थानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं अधूरी पाई गईं।
कुछ कोचिंग सेंटर निरीक्षण के दौरान बंद मिले। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे संस्थानों के खुलते ही उन्हें नोटिस चस्पा किया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले एसडीआरएफ और नगर निगम की संयुक्त टीम ने न्यू सिविक सेंटर स्थित 8 कोचिंग सेंटरों को सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर सील किया था।
