नशीली गोलियों के अवैध कारोबार का खुलासा, 5 गिरफ्तार और एक अपचारी बालक अभिरक्षा में

डुण्डेरा में उतई पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई, 1065 अल्प्राजोलम टैबलेट और ₹3500 नकद जब्त

नशीली गोलियों के अवैध कारोबार का खुलासा, 5 गिरफ्तार और एक अपचारी बालक अभिरक्षा में

दुर्ग। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। उतई थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने ग्राम डुण्डेरा के गायत्री नगर में दबिश देकर नशीली गोलियों की बिक्री के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अपचारी बालक को विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 71 पत्तों में कुल 1065 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट अल्प्राजोलम तथा बिक्री से संबंधित ₹3500 नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को थाना उतई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम डुण्डेरा के गायत्री नगर में केवेन्द्र पटेल उर्फ छोटा अपने साथियों के साथ नशीली टैबलेट रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद उतई थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा।

पूछताछ में सामने आया सप्लाई नेटवर्क

तलाशी के दौरान केवेन्द्र पटेल उर्फ छोटा और एक अपचारी बालक के कब्जे से नशीली टैबलेट बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक दोनों ने टैबलेट मरोदा निवासी इब्राहिम अली खान, घनश्याम गुप्ता, देवेन्द्र निर्मलकर और जीतू नायक से खरीदकर बिक्री के लिए लाने की बात बताई। इसके बाद पुलिस टीम ने संबंधित आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें भी हिरासत में लिया। कार्रवाई में कुल 1065 नशीली टैबलेट बरामद की गईं।

ड्रग इंस्पेक्टर से कराया गया परीक्षण

पुलिस ने जब्त टैबलेट का ड्रग इंस्पेक्टर से परीक्षण कराया। परीक्षण में टैबलेट प्रतिबंधित नशीली दवा पाए जाने के बाद मामले में NDPS Act की धारा 22 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार अल्प्राजोलम मनोप्रभावी पदार्थ की श्रेणी में आता है और इसकी मात्रा के आधार पर संबंधित दंडात्मक प्रावधान लागू होते हैं।

ये आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में केवेन्द्र पटेल उर्फ छोटा, उम्र 27 वर्ष, निवासी गायत्री नगर ग्राम डुण्डेरा; जीतू नायक उर्फ पोटरा, उम्र 19 वर्ष, निवासी स्टेशन मरोदा; इब्राहिम अली खान, उम्र 46 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 16 शंकर पारा सुपेला; देवेन्द्र निर्मलकर, उम्र 24 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 33 शिव मंदिर के पास नेवई; और घनश्याम गुप्ता, उम्र 30 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 18 पांच रास्ता सुपेला शामिल हैं। इसके अलावा एक अपचारी बालक को विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशीली टैबलेट को अवैध रूप से प्राप्त कर आर्थिक लाभ के लिए उसकी आपूर्ति और बिक्री कर रहे थे। सूचना तंत्र के माध्यम से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने पहले डुण्डेरा में कार्रवाई की और पूछताछ से सामने आए अन्य कथित सप्लायरों तक जांच आगे बढ़ाई