चंद्रा मौर्या तिराहा पर राहगीर से मोबाइल झपटमारी, आरोपी गिरफ्तार
गला दबाने का प्रयास कर विरोध के दौरान छीना था Realme मोबाइल, रामनगर मार्केट में बेचने ग्राहक तलाश रहा था आरोपी

भिलाई। चंद्रा मौर्या तिराहा के पास रात में राहगीर से मोबाइल झपटमारी करने वाले आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया Realme कंपनी का मोबाइल फोन, कीमत करीब ₹6 हजार, बरामद किया है। आरोपी मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था, तभी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे रामनगर मार्केट से पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार 12 अगस्त की रात करीब 9:40 बजे धमधा नाका दुर्ग के पास चश्मे की दुकान लगाने वाले सिद्धार्थ खोब्रागड़े खाना खाने के बाद कैम्प-01 स्थित अपने घर से टहलने निकले थे। वह चंद्रा मौर्या तिराहा के पास सर्विस रोड पर ओम साईं राम बंगले के समीप पहुंचे थे, तभी एक व्यक्ति उनके पास आया और गला दबाने का प्रयास करने लगा। राहगीर ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने बलपूर्वक उनके हाथ से Realme मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गया। घटना के संबंध में प्रार्थी ने 13 अगस्त को थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपी की पहचान और तलाश शुरू की।
मोबाइल बेचने ग्राहक तलाशते पकड़ा गया
जांच के दौरान 15 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बी.एम. शाह अस्पताल के पास रामनगर मार्केट में मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अर्जुन नेताम, उम्र 30 वर्ष, निवासी कैम्प-01 बताया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने राहगीर से मोबाइल छीनने की घटना स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से बरामद Realme मोबाइल की पहचान प्रार्थी के मोबाइल के रूप में होने पर पुलिस ने उसे विधिवत जब्त कर लिया। सुपेला पुलिस ने आरोपी को 15 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने रात के समय अकेले जा रहे राहगीर को निशाना बनाया था।
