ट्रेजर आइलैंड मॉल में साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति और यातायात जागरूकता अभियान

1500 से ज्यादा लोगों ने लिया हिस्सा, नुक्कड़ नाटक के जरिए साइबर ठगी और नशे के दुष्परिणामों का दिया संदेश

ट्रेजर आइलैंड मॉल में साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति और यातायात जागरूकता अभियान

भिलाई। साइबर अपराध, नशे और सड़क हादसों से बचाव को लेकर दुर्ग पुलिस ने भिलाई के ट्रेजर आइलैंड मॉल में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में 1500 से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का आयोजन एवं समन्वय अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात कौशलेन्द्र देव पटेल के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में साइबर अपराध, नशा मुक्ति और यातायात सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया।

नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया साइबर ठगी और नशे के खिलाफ संदेश

कार्यक्रम में BSP की टीम इंद्रधनुष समूह और ग्रेसी म्यूजिक अकादमी की ओर से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से नशे की हालत में वाहन चलाने से होने वाले खतरों और सड़क हादसों के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से सामने रखा। नाटक के जरिए साइबर ठगी और नशे के कारण परिवार और समाज पर पड़ने वाले प्रभाव को भी दिखाया गया। मनोरंजक अंदाज में प्रस्तुत किए गए संदेश को मॉल में मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ देखा।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात कौशलेन्द्र देव पटेल ने नागरिकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। उन्होंने वाहन चलाते समय जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार अपनाने और सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से नाबालिगों को वाहन नहीं देने, नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा नहीं करने और सड़क पर यातायात बाधित करने वाली स्थिति पैदा नहीं करने की समझाइश दी।

साइबर ठगी से बचने सतर्कता जरूरी

साइबर क्राइम प्रभारी डॉ. संकल्प राय ने नागरिकों को साइबर अपराध के बदलते तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने, OTP और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की। संदिग्ध लिंक, फोन कॉल और ऑनलाइन गतिविधियों से सावधान रहने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा है।

युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश

कार्यक्रम में कल्याणी नशा मुक्ति केंद्र के अजय कल्याणी ने नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने भविष्य के साथ-साथ परिवार को भी सुरक्षित रखने की अपील की।

पुलिस अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में यातायात जोन प्रभारी निरीक्षक जीआर ओगरे, स्मृतिनगर चौकी प्रभारी अमित अंदानी सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। एक्स-आर्मी एसोसिएशन के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए। बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को व्यापक जन-जागरूकता अभियान का रूप दिया। दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना दें और नशे से संबंधित सहायता के लिए 1933 हेल्पलाइन का उपयोग करें।