दुर्ग जिले में इस फैक्ट्री में करंट लगने से जूनियर टेक्नीशियन की मौत

दुर्ग जिले में इस फैक्ट्री में करंट लगने से जूनियर टेक्नीशियन की मौत

भिलाई नगर। भिलाई के भारी औद्योगिक क्षेत्र हथखोज स्थित एक फैक्ट्री में करंट लगने से जूनियर टेक्नीशियन की मौत हो गई। मृतक उपेंद्र साहू जामुल के नजदीक ढौर गांव का रहने वाला था। घटना 6 फरवरी की शाम को श्री साईं इन्फो प्रायवेट लिमिटेड में हुई। घटना के बाद मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिलाने छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने फैक्ट्री के बाहर प्रदर्शन किया। मौके पर भिलाई-3 पुलिस पहुंची और माहौल को शांत कराने की कवायद में जुट गई।

औद्योगिक क्षेत्र हथखोज स्थित श्री साईं इन्फो प्रायवेट लिमिटेड फैक्ट्री में काम करते समय जूनियर टेक्नीशियन की मौत पर आज बवाल मच गया। घटना 6 फरवरी को तब हुई जब ढौर गांव का रहने वाला जूनियर टेक्नीशियन उपेंद्र साहू तकनीकी काम कर रहा था। अचानक करेंट लगने से उपेंद्र साहू गिर पड़ा। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। उसे वहां मौजूद लोगों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मामले में भिलाई-3 पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

इधर मुआवजे की मांग को लेकर फेक्ट्री के सामने लोग प्रदर्शन करने लगे। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के लोग भी प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने उचित मुआवजा की मांग प्रबंधन से की है। भिलाई-3 पुलिस की टीम भी वहां पहुंचकर प्रदर्शन खत्म कराने की कोशिश में जुटी रही। बता दें कि कुछ दिन पहले भी हथखोज स्थित एक अन्य फैक्ट्री में काम के दौरान जामुल निवासी मजदूर की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद भी मुआवजे के लिए प्रदर्शन किया गया था। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक मृतक जूनियर टेक्नीशियन के परिवार को मुआवजा की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।