हथखोज ट्रांसपोर्ट नगर के भूखंडों पर खरीदारों की टूट पड़ी भीड़, सरकारी कीमत से तीन गुना तक लगी बोली
आज और कल फिर होगी नीलामी

भिलाई। ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज स्थित व्यावसायिक भूखंडों की नीलामी में खरीदारों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा द्वारा आयोजित आम नीलामी में भूखंडों के लिए सरकारी ऑफसेट प्राइस से कई गुना अधिक बोली लग रही है। इससे निगम को करोड़ों रुपए की अतिरिक्त आय होने की संभावना है।

निगम प्रशासन के अनुसार 11 मई 2026 को आयोजित नीलामी में 30 हितग्राहियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान 15 भूखंडों की नीलामी की गई। इन भूखंडों का ऑफसेट प्राइस 12 लाख 71 हजार 300 रुपए तय किया गया था, लेकिन बोलीदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए न्यूनतम 25 लाख रुपए से लेकर अधिकतम 38 लाख 50 हजार रुपए तक की बोली लगाई। यह राशि तय कीमत से लगभग दोगुनी रही।

इसी क्रम में बुधवार 13 मई को 9 और भूखंडों की नीलामी की गई। इन भूखंडों की सरकारी बोली राशि 3 लाख 81 हजार 390 रुपए निर्धारित थी, जबकि नीलामी में न्यूनतम 10 लाख 50 हजार रुपए और अधिकतम 19 लाख रुपए तक की बोली प्राप्त हुई। यह सरकारी दर से करीब तीन गुना अधिक है।
निगम अधिकारियों का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों की संभावनाओं को देखते हुए निवेशकों की रुचि लगातार बढ़ रही है। यही वजह है कि नीलामी में प्रतिस्पर्धा भी तेज हो गई है।
निगम प्रशासन ने जानकारी दी है कि शेष भूखंडों की आम नीलामी 14 और 15 मई 2026 को निगम सभागार में दोपहर 12 बजे से आयोजित की जाएगी।
