दुर्ग में नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख की ठगी, महिला गिरफ्तार

दुर्ग में नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख की ठगी, महिला गिरफ्तार

दुर्ग। पदमनाभपुर थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, भिलाई सेक्टर-07 निवासी 29 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 अगस्त 2023 को महाराजा चौक स्थित एक दुकान में उसकी मुलाकात प्रिया देशमुख से हुई। आरोपी महिला ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (CSPDCL) में सब इंजीनियर या AE पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और इसके एवज में 20 लाख रुपये की मांग की।

शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये अग्रिम रूप से ले लिए गए। इसके बाद आरोपी ने अपने सहयोगी रजत गुप्ता से मुलाकात कराई, जिसने खुद को मंत्रालय में पदस्थ बताया और नौकरी पक्की कराने का आश्वासन दिया। नवंबर 2023 में रायपुर सर्किट हाउस में युवती को AE पद का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी सौंपा गया। बाद में ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले में पदमनाभपुर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468 और 120(बी) के तहत कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान आरोपी प्रिया देशमुख को चिन्हित कर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से पूरी योजना के तहत धोखाधड़ी को अंजाम दिया। मामले में उपयोग किए गए फर्जी दस्तावेज भी जब्त कर लिए गए हैं।फिलहाल, प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

आरोपी का विवरण :

1. प्रिया देशमुख, निवासी न्यू आदर्श नगर, जोन-02, पदमनाभपुर, जिला दुर्ग