भारत–साउथ अफ्रीका मैच पर ऑनलाइन सट्टा, सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई में 3 गिरफ्तार






दुर्ग। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चल रहे क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह का सिटी कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में फरार आरोपी समेत कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

22 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि असरफ नगर, तकियापारा स्थित एक मकान में मैच के दौरान हार-जीत पर ऑनलाइन दांव लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी।

मकान के ऊपरी कमरे में एलईडी टीवी पर मैच प्रसारण चल रहा था और मोबाइल फोन के जरिए लोगों से संपर्क कर सट्टा संचालित किया जा रहा था। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि दो लोगों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने सट्टा संचालन की बात स्वीकार की।
मौके से एक लैपटॉप, एलईडी टीवी, चार मोबाइल फोन, डीवीआर, चार्जर, जियो सेटअप बॉक्स, वाई-फाई उपकरण, 5 हजार रुपये नगद और हिसाब-किताब की कॉपी जब्त की गई। कुल जप्त सामग्री की कीमत करीब 2 लाख 70 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
प्रकरण में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। फरार आरोपी शाहिल कुरैशी उर्फ सोनू को भी बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
▪️घटनास्थल :
सोहेल अहमद खान का मकान, असरफ नगर, तकियापारा, दुर्ग
▪️आरोपी का नाम :
1. सोहेल अहमद खान उर्फ मामू, उम्र 35 वर्ष, निवासी असरफ नगर तकियापारा, दुर्ग
2. संतोष कुमार गोंड, उम्र 38 वर्ष, निवासी रूआबांधा कुंदरापारा वार्ड नं. 04, भिलाई
3. शाहिल कुरैशी उर्फ सोनू, उम्र 30 वर्ष, निवासी असरफ नगर तकियापारा, दुर्ग