वैशाली नगर में मकान से लाखों के गहने चोरी का खुलासा, एक गिरफ्तार, दो नाबालिग संप्रेक्षण गृह भेजे गए






भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में मकान से सोने-चांदी के आभूषण चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस प्रकरण में एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालक और बालिका को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।

मामला रामनगर मुक्तिधाम स्थित मकान नंबर 203 का है। प्रार्थिया स्वामी मंडावी ने 22 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 दिसंबर 2025 से 15 फरवरी 2026 के बीच अज्ञात व्यक्ति ने घर के भीतर आलमारी से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस ने अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर प्रार्थिया की भतीजी से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि चोरी किए गए आभूषण उसने अपने मित्र रंजीत वर्मा को बेचने के लिए दिए थे।
पुलिस ने रंजीत वर्मा, उम्र 19 वर्ष, निवासी कृष्णा नगर सुपेला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने गहने अन्य लोगों को बेचने की बात कबूली। उसकी निशानदेही पर एक सोने का नेकलेस, एक मंगलसूत्र और 3,700 रुपये नगद बरामद किए गए।
बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 4 लाख 23 हजार 700 रुपये आंकी गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। मामले में अन्य संदेहियों की तलाश जारी है।