छावनी इंडस्ट्रियल एरिया में गणपति इंडस्ट्री में आग, बंद फैक्ट्री के वेस्ट मटेरियल में लगी लपटें

छावनी इंडस्ट्रियल एरिया में गणपति इंडस्ट्री में आग, बंद फैक्ट्री के वेस्ट मटेरियल में लगी लपटें

भिलाई। थाना छावनी क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित गणपति इंडस्ट्री में बुधवार शाम आग लगने की घटना सामने आई। आग बंद पड़ी फैक्ट्री के भीतर रखे वेस्ट मटेरियल और ऑयल ड्रम के पास भड़क उठी, जिससे आसपास के इलाके में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई।

घटना शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही सूचक द्वारा तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की एक दमकल टीम को मौके पर रवाना किया गया।

दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही देखा कि फैक्ट्री के अंदर आग तेजी से फैल रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तुरंत पानी की बौछार शुरू की और कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया। आग को आसपास के क्षेत्रों तक फैलने से रोक दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

मौके पर किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फैक्ट्री बंद होने के कारण श्रमिक मौजूद नहीं थे, जिससे संभावित नुकसान कम रहा।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामग्री के संपर्क में आने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

इस कार्रवाई में जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में दल प्रभारी शरद मेश्राम तथा अग्निशमन कर्मचारी नागेश मरकण्डे, धर्मेंद्र, खेमराज, राहुल और पवित्र की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।