भिलाई के सूने मकान में चोरी का खुलासा: 85 हजार के जेवर बरामद, ब्रुसली गिरफ्तार

भिलाई के सूने मकान में चोरी का खुलासा: 85 हजार के जेवर बरामद, ब्रुसली गिरफ्तार

भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में सूने मकान में चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। संयुक्त कार्रवाई में थाना वैशाली नगर और ACCU की टीम ने आरोपी के कब्जे से करीब 85 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

मामला 22 दिसंबर 2025 का है। कैम्प-1 प्रेमनगर भिलाई निवासी सीमा वासनिक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 दिसंबर को उनका परिवार गांव गया हुआ था और मकान में ताला बंद था। पड़ोसी ने फोन कर बताया कि घर का ताला टूटा हुआ है। घर पहुंचने पर सोने-चांदी के जेवर और 15 हजार रुपये नगद गायब मिले।

रिपोर्ट पर थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 435/2025 के तहत धारा 331(4) और 305 BNS में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इंदिरा गांधी कॉलेज के पास घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपी का नाम जे. पवन उर्फ ब्रुसली, उम्र 20 वर्ष, निवासी सुंदर नगर गुरुद्वारा के पास, कैम्प-1 भिलाई है। आरोपी को 14 फरवरी 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। बरामद सामग्री में एक जोड़ी चांदी की पायल, दो जोड़ी बच्चों का चांदी का करधन और दो सोने के मंगलसूत्र के लॉकेट शामिल हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।