पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों पर प्रशासन सख्त, दुर्ग में 5 दिन से ज्यादा का स्टॉक मौजूद

दुर्ग। जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने साफ किया है कि ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर जिले के सभी पेट्रोल पंपों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और कहीं भी कमी की स्थिति नहीं है।

प्रशासन के अनुसार जिले के 189 पेट्रोल पंपों पर तेल कंपनियों द्वारा नियमित सप्लाई जारी है। वर्तमान में जिले में 1421 किलोलीटर पेट्रोल और 1678 किलोलीटर डीजल का स्टॉक उपलब्ध है, जो अगले 5 दिनों से अधिक की जरूरत के लिए पर्याप्त बताया गया है। जिले में रोजाना औसतन 293 किलोलीटर पेट्रोल और 374 किलोलीटर डीजल की खपत होती है।

अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया और अफवाहों के कारण लोग सामान्य से ज्यादा मात्रा में ईंधन खरीद रहे हैं, जिससे कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी दबाव की स्थिति बन रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराहट में आकर ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें और केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि तेल कंपनियों के समन्वय से सभी पंपों पर आपूर्ति लगातार बनाए रखी जा रही है।
