गौसेवकों ने कत्लखाने ले जाए जा रहे 6 मवेशी छुड़ाए, धमधा पुलिस ने पिकअप समेत चालक को पकड़ा

गौसेवकों ने कत्लखाने ले जाए जा रहे 6 मवेशी छुड़ाए, धमधा पुलिस ने पिकअप समेत चालक को पकड़ा

भिलाई। धमधा-खैरागढ़ मुख्य मार्ग पर अवैध मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धमधा पुलिस ने 6 मवेशियों से भरे एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया। गौसेवकों की सूचना पर ठेलका चौक के पास की गई कार्रवाई में पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक मवेशियों को बेहद क्रूरतापूर्वक वाहन में ठूस-ठूसकर बिना चारा-पानी के ले जाया जा रहा था। मामले में पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के साथ पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार गौरक्षा समिति के सदस्य केशव सोनकर, विकास अग्रवाल, वीर ताम्रकार, योगेश यादव और लोभान निषाद को क्षेत्र में अवैध पशु तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद सभी लोग ग्राम ठेलका चौक के पास निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 7 बजे महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक MP 50 JH 5896 वहां पहुंचा।

गौसेवकों ने वाहन रोकने का इशारा किया तो चालक गाड़ी लेकर भागने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। वाहन के पीछे का हिस्सा तिरपाल से ढंका हुआ था। शक होने पर जब वाहन की जांच की गई तो उसमें 6 मवेशी भरे मिले।

सूचना मिलने पर धमधा पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अतुल गव्हारे निवासी पुरवाटोला, थाना लांजी, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) बताया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि मवेशियों को ग्राम परोडा थाना धमधा क्षेत्र से लोड किया गया था और उन्हें पहले लांजी ले जाया जा रहा था, जहां से आगे नागपुर के कत्लखाने भेजने की तैयारी थी। पुलिस द्वारा दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।