दुर्ग को मिली बड़ी सौगात: फिजियोथेरेपी कॉलेज का मंत्री गजेंद्र यादव ने किया भूमिपूजन, स्वास्थ्य शिक्षा को मिलेगा नया विस्तार

दुर्ग को मिली बड़ी सौगात: फिजियोथेरेपी कॉलेज का मंत्री गजेंद्र यादव ने किया भूमिपूजन, स्वास्थ्य शिक्षा को मिलेगा नया विस्तार

दुर्ग। जिले के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में एक नई शुरुआत करते हुए कचांदूर स्थित चंदूलाल चंद्राकर शासकीय मेडिकल कॉलेज के पास बनने वाले नवीन फिजियोथेरेपी कॉलेज का बुधवार को भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए और विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई।

मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि वर्तमान समय में फिजियोथेरेपी स्वास्थ्य सेवाओं का अहम हिस्सा बन चुकी है। बदलती जीवनशैली, सड़क दुर्घटनाओं, खेल चोटों, लकवा, कमर दर्द और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं के उपचार में इसकी भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि दुर्ग जिले में इस कॉलेज की स्थापना से लोगों को आधुनिक और वैज्ञानिक उपचार सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।

उन्होंने कहा कि यह संस्थान केवल उपचार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि चिकित्सा शिक्षा और प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र भी बनेगा। यहां विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर करियर अवसर मिलेंगे। इससे दुर्ग सहित पूरे संभाग के युवाओं को स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।

मंत्री यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में प्रदेश के विभिन्न जिलों में फिजियोथेरेपी कॉलेजों की स्थापना के लिए बजट में स्वीकृति दी गई थी, जिसके तहत अब निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह संस्थान दुर्ग जिले की नई पहचान बनेगा और बड़ी संख्या में मरीजों को बिना ऑपरेशन और कम दवाइयों के जरिए प्रभावी उपचार का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में विधायक डोमनलाल कोर्सवाड़ा, जिला पंचायत सदस्य जीतेन्द्र यादव, मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, स्टॉफ और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।