सूने मकान में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 2 लाख के जेवर बरामद

दुर्ग। पुलगांव थाना पुलिस ने सूने मकान में चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक प्रार्थिया श्रीमती भुवनेश्वरी ने थाना पुलगांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता की तबीयत खराब होने के कारण वे राजनांदगांव गई हुई थीं। इसी दौरान 7 मई की रात अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान में घुसकर घर में रखे सोने और चांदी के जेवर चोरी कर लिए।

मामले में पुलगांव थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 444/2026 के तहत धारा 331(4), 305 और 35 बीएनएस में केस दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना और संदेह के आधार पर रोशन निर्मलकर और सुमेश निर्मलकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद कर जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सूने मकान का फायदा उठाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
