55 लाख की जमीन ठगी में एक और आरोपी गिरफ्तार, फर्जी खाते से निकाली गई रकम

55 लाख की जमीन ठगी में एक और आरोपी गिरफ्तार, फर्जी खाते से निकाली गई रकम

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में जमीन विक्रय के नाम पर 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस प्रकरण में एक आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी ज्ञानेश्वर सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके निवास से लगी लगभग 38,090 वर्गफुट भूमि, जो राजस्व अभिलेखों में खसरा नंबर 144/7 और 144/03 में दर्ज है, को आरोपी जोगी सिंह सोनी ने स्वयं के नाम एग्रीमेंट होना बताकर बेचने का झांसा दिया।

24 जनवरी 2020 को आरोपी ने एग्रीमेंट के कागजात दिखाकर इकरारनामा किया, जिसमें नगद और बैंक के माध्यम से 26 लाख रुपये देने का उल्लेख था। इसके बाद आरोपियों ने वास्तविक भूमि स्वामियों के नाम से फर्जी आधार और पैन कार्ड तैयार कर ICICI बैंक में खाता खुलवाया और उस खाते में 24 लाख रुपये जमा कराए। अलग-अलग माध्यमों से कुल 55 लाख रुपये की ठगी की गई।

मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 191/2026 दर्ज कर धारा 318(2), 318(4), 337, 111(4), 3(5) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पहले कुलदीप सिंह सोनी को गिरफ्तार किया गया था। अब प्रकरण में संलिप्त जोगी सिंह सोनी (40 वर्ष), निवासी संतराबाड़ी, दुर्ग को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस ने मामले से जुड़े दस्तावेज और बैंक लेनदेन के अभिलेख जब्त किए हैं। प्रकरण में आगे की जांच जारी है।