भिलाई में इस कॉलेज के कैंटीन में लगी आग, गैस सिलेंडर रिसाव से मची अफरा-तफरी, महिला कर्मचारी बेहोश

भिलाई में इस कॉलेज के कैंटीन में लगी आग, गैस सिलेंडर रिसाव से मची अफरा-तफरी, महिला कर्मचारी बेहोश

भिलाई। स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (SVTU) भिलाई के कैंटीन में सोमवार को अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई। बताया जाता है कि कैंटीन में इस्तेमाल हो रहे गैस सिलेंडर से गैस रिसाव (लीकेज) होने के कारण आग भड़की। इस दौरान एक महिला कर्मचारी बेहोश हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार कैंटीन में खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव होने लगा। कुछ देर बाद आग की लपटें उठने लगीं। कैंटीन धुएं से भर गया। कैंटीन कर्मचारी और वहां मौजूद लोग बाहर निकले। विश्वविद्यालय प्रशासन और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। दमकल की गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। घटना के समय विश्वेश्वरैया भवन के क्लासरूम में करीब 200 से अधिक इंजीनियरिंग छात्र मौजूद थे। आग की खबर मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत सभी छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर जाने के निर्देश दिए। ब्लॉक को खाली कराने में शिक्षकों और सुरक्षाकर्मियों ने मदद की।

समय पर सतर्कता बरतने से कोई बड़ा हादसा होने से टल गया। आगजनी के दौरान कैंटीन में काम कर रही एक महिला कर्मचारी बेहोश हो गईं। बताया जा रहा है कि धुएं और घबराहट की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है। पुलिस ने भी पूरे भवन को सील कर दिया और वहां मौजूद सिलेंडरों और अन्य सामान को बाहर निकलवाया। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार यह आग सिलेंडर लीकेज के कारण लगी। हालांकि, विस्तृत जांच की जा रही है।