शिवनाथ नदी में डूबे युवक की तलाश रविवार को भी जारी
सिरसा एनीकट में शनिवार शाम बह गया था 26 वर्षीय सत्यदेव महोबिया, जेवरा पुलिस और SDRF की टीम जुटी खोजबीन में

दुर्ग। शिवनाथ नदी के सिरसा एनीकट में शनिवार शाम तेज बहाव के दौरान बह गए 26 वर्षीय युवक सत्यदेव महोबिया की तलाश रविवार को भी जारी रही। युवक के नदी में बहने की सूचना के बाद जेवरा सिरसा चौकी पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और देर तक खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार खुर्सीपार निवासी सत्यदेव महोबिया शनिवार की शाम अपने दोस्तों के साथ सिरसा एनीकट पहुंचा था। दोपहर में खाना खाने के बाद दो युवक करीब शाम 6 बजे नदी किनारे बर्तन धोने गए थे। इसी दौरान सत्यदेव नदी में गहरे पानी की ओर चला गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण अचानक उसका पैर फिसला और वह अपना संतुलन खो बैठा।
साथ मौजूद युवकों ने उसे बचाने का प्रयास किया और शोर मचाकर अन्य लोगों को बुलाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा चौकी पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची तथा नदी में युवक की तलाश शुरू की गई।
रविवार सुबह फिर शुरू हुई तलाश
शनिवार को देर तक तलाश के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिलने पर रविवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। तेज बहाव और नदी में पानी अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को खोजबीन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस और SDRF की टीम नदी के संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रही है। फिलहाल युवक का पता नहीं चल सका है। घटना के बाद से परिवार और उसके दोस्तों में चिंता का माहौल है।
