दुर्ग समेत 8 जिलों में दुर्घटनाओं के कारणों का होगा गहन विश्लेषण, ब्लैक स्पॉट सुधारने और 108 एंबुलेंस की मॉनिटरिंग पर जोर

दुर्ग। राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव श्री विकासशील ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। बैठक में सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेश में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने दुर्घटना में घायलों का प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत इलाज सुनिश्चित करने के साथ ही 108 एंबुलेंस की समय पर उपलब्धता की सख्त मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। ट्रॉमा सेंटरों को मजबूत करने और दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने वाले नेक नागरिकों यानी गुड सेमेरिटन को जल्द प्रोत्साहन एवं सम्मान राशि देने पर भी जोर दिया गया।
दुर्ग समेत 8 जिलों पर विशेष फोकस
बैठक में अधिक सड़क दुर्घटनाओं वाले आठ जिलों को चिन्हित कर विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। इनमें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा, रायगढ़, बलौदाबाजार, सरगुजा और जगदलपुर शामिल हैं। इन जिलों में दुर्घटनाओं के कारणों का गहन विश्लेषण कर रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।
ब्लैक स्पॉट का समय पर हो सुधार
मुख्य सचिव ने ब्लैक स्पॉट के सुधार और उनके प्रभाव का विश्लेषण करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई को निर्धारित समय-सीमा में ब्लैक स्पॉट सुधारने तथा सुधार के बाद दुर्घटनाओं में आई कमी का आकलन करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि बाद में सुधार करने से बेहतर है कि सड़क निर्माण के समय ही डिजाइन को सुरक्षित बनाया जाए।
सड़कों पर आवारा पशुओं के विचरण को रोकने के लिए भी ठोस कार्ययोजना बनाकर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
शैक्षणिक संस्थानों में बनेंगे रोड क्लब
सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सभी शैक्षणिक संस्थानों में रोड क्लब गठित करने और अधिक से अधिक युवाओं को यातायात प्रबंधन से जोड़ने पर जोर दिया गया। सभी जिलों के कलेक्टरों को जिला सड़क सुरक्षा समिति की नियमित बैठकें आयोजित कर दुर्घटनाओं की रोकथाम और सड़क सुरक्षा उपायों की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत में परिवहन सचिव श्री एस. प्रकाश ने विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी। एनआईसी दुर्ग से कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री ए.के. भट्टाचार्य सहित अन्य जिला अधिकारी बैठक में शामिल हुए।
