शिवनाथ नदी किनारे भीड़ पर रोक लगाने की मांग, शिवसेना ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

भिलाई। बरसात के मौसम में शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ संभावित हादसों को देखते हुए शिवसेना ने नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग उठाई है। शिवसेना भिलाई जिला अध्यक्ष राजू गुप्ता ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शिवनाथ नदी के किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग के आसपास भीड़ पर प्रतिबंध लगाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि बरसात के दौरान बड़ी संख्या में लोग शिवनाथ नदी का बढ़ा हुआ जलस्तर देखने पहुंचते हैं। इस दौरान कई लोग सुरक्षा रेलिंग के सहारे खड़े होकर मोबाइल से फोटो, वीडियो, रील और सेल्फी बनाने में व्यस्त रहते हैं। भीड़ और उत्साह के कारण लोग यह भूल जाते हैं कि नदी किनारे की जमीन फिसलन भरी और बेहद खतरनाक होती है।

शिवसेना का कहना है कि कई लोग रेलिंग पर शरीर का पूरा भार डालकर खड़े हो जाते हैं और अन्य लोग भी उनकी देखा-देखी ऐसा करने लगते हैं। लंबे समय तक नमी और पानी के संपर्क में रहने से लोहे की रेलिंग और पाइपों में जंग लगने की आशंका रहती है, जिससे उनकी मजबूती प्रभावित हो सकती है। ऐसी स्थिति में रेलिंग के सहारे खड़े लोगों के सीधे गहरे पानी में गिरने का खतरा बना रहता है।
संगठन ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों को सतर्क करने के लिए चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग तथा पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि बरसात के दौरान तेज बहाव वाली नदियों के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं और सेल्फी या वीडियो बनाने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें। ज्ञापन सौंपने के दौरान शिवसेना यूबीटी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र यादव, भिलाई जिला अध्यक्ष राजू गुप्ता, जसवंत सिंह पप्पू मानिकपुरी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
