शादी की व्यस्तता में नौकरानी ने उड़ाए पैसे, प्रेमी संग रायपुर से गिरफ्तार
भिलाई में वृद्ध महिला की केयरटेकर ने मालिक के घर में की चोरी, 23,500 रुपये नकद और दो मोबाइल बरामद, सुपेला पुलिस की कार्रवाई

दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में मालिक के भरोसे का फायदा उठाकर चोरी करने वाली नौकरानी और उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को रायपुर से पकड़कर चोरी की नगदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सूर्या विहार कॉलोनी जुनवानी निवासी रोहन कुखरानिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी वृद्ध माता की देखभाल के लिए पिछले दो वर्षों से ममता चौहान केयरटेकर के रूप में काम कर रही थी। 26 और 27 जून को घर में शादी समारोह होने के कारण पूरा परिवार कार्यक्रम में व्यस्त था। इसी दौरान ममता ने मौका देखकर अलमारी में रखी नगदी चोरी कर ली और बिना बताए घर छोड़कर फरार हो गई।

शिकायत मिलने के बाद सुपेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी ममता चौहान और उसके प्रेमी शीतल वर्मा को रायपुर से हिरासत में लिया।
पूछताछ में ममता ने खुलासा किया कि उसके प्रेमी शीतल वर्मा को पैसों की जरूरत थी। उसी के कहने पर उसने मालिक के घर से नगदी चोरी की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23 हजार 500 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 43 हजार 500 रुपये बताई गई है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
आरोपी का नाम :
1. ममता चौहान, उम्र 27 वर्ष, निवासी पिथौरा, जिला महासमुंद।
2. शीतल वर्मा, उम्र 27 वर्ष, निवासी सारागांव, जिला रायपुर।
