भिलाई के वार्ड-29 में गंदगी पर फूटा लोगों का गुस्सा, महिलाओं ने आप नेताओं के साथ निगम कार्यालय का किया घेराव

सड़क, नाली और सफाई की मांग को लेकर आयुक्त व स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

भिलाई के वार्ड-29 में गंदगी पर फूटा लोगों का गुस्सा, महिलाओं ने आप नेताओं के साथ निगम कार्यालय का किया घेराव

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के वार्ड क्रमांक 29 स्थित वृंदा नगर (गंदा तालाब, छप्पारा मोहल्ला) में गंदगी और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया। मंगलवार को बड़ी संख्या में महिलाओं और मोहल्लावासियों ने आम आदमी पार्टी के नेताओं के नेतृत्व में नगर निगम कार्यालय पहुंचकर आयुक्त और मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के जिला कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह और वार्ड अध्यक्ष बलविंदर सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड के लोग लंबे समय से सड़क, नाली और नियमित सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय महिलाओं ने बताया कि इलाके में नियमित सफाई नहीं होने से बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। इन झाड़ियों के कारण जहरीले सांप निकल रहे हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। वहीं, नालियों का गंदा पानी सड़कों और घरों के सामने जमा होने से बीमारियां फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।