राहगीर से मारपीट, शराब के लिए पैसे मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

सेक्टर-6 पेट्रोल पंप स्टाफ की सतर्कता से पकड़ाए आरोपी, दो अन्य फरार

राहगीर से मारपीट, शराब के लिए पैसे मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। भिलाई नगर थाना क्षेत्र के परिवार चौक सेक्टर-6 में राहगीर से मारपीट और गाली-गलौच करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुई। मामले में दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 की रात करीब 11:35 बजे प्रार्थी अपनी कार में पेट्रोल भरवाने सेक्टर-6 जा रहा था। परिवार चौक के पास वह वाहन रोककर मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों में सवार चार युवक वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए उसके साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद प्रार्थी सेक्टर-6 स्थित पेट्रोल पंप पहुंचा, जहां उसने देखा कि वही युवक मौजूद हैं। प्रार्थी ने तुरंत पेट्रोल पंप कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी। स्टाफ की सतर्कता से दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य आरोपी भाग निकले। सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 257/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक चौहान निवासी कोसानगर सुपेला और अभिषेक वासनिक निवासी नेहरू नगर बॉम्बे आवास भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जप्त की हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

आरोपी का नाम :

1. रितिक चौहान, निवासी कोसानगर, सुपेला, भिलाई
2. अभिषेक वासनिक, निवासी नेहरू नगर बॉम्बे आवास, भिलाई