चेकिंग से बचने पुलिस जवान को कुचलने की कोशिश, नागपुर के दो युवक गिरफ्तार

कुम्हारी टोल प्लाजा पर फिल्मी अंदाज में भाग रही कार का पीछा कर पुलिस ने सिरसा गेट के पास दबोचा, आरक्षक बाल-बाल बचा

चेकिंग से बचने पुलिस जवान को कुचलने की कोशिश, नागपुर के दो युवक गिरफ्तार

दुर्ग। कुम्हारी टोल प्लाजा के पास शुक्रवार दोपहर वाहन चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार कार चालक ने पुलिस आरक्षक को कुचलने की कोशिश कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए भाग रही कार का पीछा किया और सिरसा गेट के पास वाहन सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार में दो युवतियां भी मौजूद थीं, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा रायपुर-दुर्ग मार्ग पर कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। ड्यूटी में सउनि सुशील पाण्डेय के साथ आरक्षक रमेश चंद्राकर तैनात थे। इसी दौरान करीब 12:40 बजे रायपुर की ओर से तेज रफ्तार में एक कार आती दिखाई दी। वाहन में काली फिल्म लगी हुई थी, जिस पर पुलिस को संदेह हुआ।

आरक्षक रमेश चंद्राकर ने चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय कार की रफ्तार और बढ़ा दी। आरोप है कि चालक ने सीधे आरक्षक के ऊपर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। खुद को बचाने की कोशिश में आरक्षक नीचे गिर पड़ा और उसके दाहिने हाथ की उंगली में चोट आई। बताया जा रहा है कि आरोपी वाहन को सिर की ओर चढ़ाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सतर्कता के चलते आरक्षक किसी तरह पीछे हट गया और उसकी जान बच गई।

घटना के तुरंत बाद चेकिंग में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने यातायात पुलिस वाहन से कार का पीछा शुरू किया। काफी दूर तक पीछा करने के बाद सिरसा गेट के पास संदिग्ध कार को घेराबंदी कर रोक लिया गया। पुलिस ने वाहन में सवार दो युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान रमजान निवासी न्यू नेहरू नगर, नागपुर और जाकिर मोहम्मद निवासी बड़ा ताजबाग, सक्करदारा नागपुर के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक कार में दो युवतियां भी मौजूद थीं, जिन्हें संदिग्ध परिस्थिति में पाया गया। उनके परिजनों को सूचना देकर बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

थाना कुम्हारी में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 144/2026 दर्ज किया गया है। उन पर शासकीय कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने तथा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन क्रमांक MH 02 AY 3475 को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी वाहन चेकिंग और कार्रवाई से बचने के लिए लापरवाही एवं खतरनाक तरीके से कार चला रहे थे।

आरोपी का नाम :

1. रमजान, निवासी न्यू नेहरू नगर, नागपुर

2. जाकिर मोहम्मद, निवासी बड़ा ताजबाग, सक्करदारा, नागपुर