रवीन्द्र जयंती पर सजेगी संस्कृति और संगीत की सुरमयी शाम, हुडको कालीबाड़ी में गूंजेंगे रवीन्द्र संगीत के स्वर, 17 मई को भव्य आयोजन

भिलाई। विश्वकवि रवीन्द्र नाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर शहर में संस्कृति, साहित्य और संगीत की सुरमयी शाम सजने जा रही है। “रवीन्द्र निकेतन, हुडको, भिलाई” की ओर से रविवार 17 मई को शाम 7 बजे हुडको कालीबाड़ी परिसर में भव्य “रवीन्द्र जयंती समारोह” का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर साहित्य और कला प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

समारोह में गुरुदेव की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित विविध प्रस्तुतियां दी जाएंगी। रवीन्द्र संगीत, काव्य पाठ, भावपूर्ण नृत्य-नाटिकाएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरुदेव के मानवीय दर्शन और विचारों को मंच पर जीवंत किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम केवल सांस्कृतिक प्रस्तुति नहीं बल्कि भारतीय कला और साहित्य के प्रति समर्पण का उत्सव होगा।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गुरुदेव की कालजयी नृत्य नाटिका “श्यामा” का विशेष मंचन रहेगा। इस प्रस्तुति का निर्देशन सुप्रसिद्ध कलाकार एवं निर्देशिका अनन्या बर्मन करेंगी। आयोजन “रवीन्द्र निकेतन, हुडको” के सचिव रूपक दत्ता और कला साहित्य अकादमी छत्तीसगढ़ (कवच) के सचिव बबलू विश्वास के विशेष निवेदन पर आयोजित किया जा रहा है।
आयोजन समिति ने बताया कि शहर के साहित्यप्रेमी, कलाकार, बुद्धिजीवी और गणमान्य नागरिक इस सांस्कृतिक संध्या में शामिल होंगे। समिति ने सभी सदस्यों, परिवारों और संस्कृति प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
