भैंस के आगे बीन बजाकर रिसाली निगम में बीजेपी पार्षदों का अनोखा प्रदर्शन, सोई शहर सरकार को जगाने की कोशिश


भिलाई। नगर पालिका निगम रिसाली में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने अनोखे अंदाज में धरना-प्रदर्शन किया। पार्षदों ने महापौर और सभापति नामक दो भैंसों के सामने बीन और नगाड़ा बजाकर निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध जताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बजट पेश कर विकास कार्य शुरू नहीं किए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान पार्षदों ने आरोप लगाया कि रिसाली की शहर सरकार विकास कार्यों को लेकर गंभीर नहीं है और जनता की मूलभूत सुविधाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन सोई हुई शहर सरकार को जगाने का प्रतीकात्मक प्रयास है। पार्षदों ने महापौर पर 2026-27 के बजट को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक बजट पेश नहीं किया गया है, जबकि शहर की जनता को विकास कार्यों की उम्मीद है।

उनका कहना था कि जनता ने जिन उम्मीदों के साथ महापौर को चुना है, वे उम्मीदें अब अधूरी नजर आ रही हैं। भाजपा पार्षदों ने निगम प्रशासन पर कमीशनखोरी में लिप्त रहने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शहर में सड़कों, सफाई, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है, लेकिन निगम प्रशासन इन मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय अन्य कार्यों में व्यस्त है। प्रदर्शन के दौरान पार्षदों ने महापौर से अपील की कि वे नींद से जागें और शहर के विकास के लिए ठोस कदम उठाएं। धरना प्रदर्शन में भाजपा पार्षद धर्मेन्द्र भगत, मनीष यादव, विधि यादव, माया यादव, रमा साहू, शैलेन्द्र साहू, ममता सिन्हा, गजेन्द्री कोठारी, शिल्पा नारखेड़े, सीमा साहू सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
