महापौर परिषद की बैठक में अहम फैसले, बैकहो लोडर खरीदी और सर्विस रोड निर्माण को हरी झंडी

महापौर परिषद की बैठक में अहम फैसले, बैकहो लोडर खरीदी और सर्विस रोड निर्माण को हरी झंडी

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई की महापौर परिषद की बैठक में शहर से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता में हुई, जिसमें आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय भी मौजूद रहे।

सबसे पहले 15वें वित्त आयोग के तहत 5 बैकहो लोडर खरीदे जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। मेसर्स जी.के. ऑटोव्हील प्रा. लि., रायपुर द्वारा प्रति नग 25 लाख रुपये की दर से निविदा प्रस्तुत की गई थी। कुल 1 करोड़ 25 लाख रुपये की खरीदी पर परिषद ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी। माना जा रहा है कि इससे सफाई और निर्माण कार्यों में तेजी आएगी।

जोन-3 क्षेत्र में जी.ई. रोड के समानांतर सर्विस रोड निर्माण को भी हरी झंडी मिली। यह सड़क चंद्रा मौर्या टाकिज से जोन-3 कार्यालय होते हुए बजाज शोरूम तक बनाई जाएगी। परिषद में इस पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।

प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक के तहत एक प्रस्ताव रखा गया था कि जो हितग्राही 90 प्रतिशत राशि समय पर जमा कर चुके हैं, उन्हें शेष 10 प्रतिशत अंशदान गरीबों की सेवा निधि से दिया जाए। लेकिन परिषद ने इस पर अलग फैसला लिया। तय हुआ कि इस राशि का उपयोग गरीबों और गंदी बस्तियों में रहने वाले लोगों को जलापूर्ति और अन्य बुनियादी सेवाएं उपलब्ध कराने में किया जाएगा।

बैठक में महापौर परिषद के सदस्य लक्ष्मीपति राजू, सीजू एन्थोनी, संदीप निरंकारी, एकांश बंछोर, केशव चैबे, आदित्य सिंह, लालचंद वर्मा, चंद्रशेखर गंवई, रीता सिंह गेरा, नेहा साहू और मालती ठाकुर सहित निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।