रेलवे में नौकरी का झांसा, 7 लाख की ठगी, दुर्ग पुलिस ने रीवां से दबोचे दो आरोपी

रेलवे में नौकरी का झांसा, 7 लाख की ठगी, दुर्ग पुलिस ने रीवां से दबोचे दो आरोपी

भिलाई। रेलवे में नौकरी लगाने का सपना दिखाकर 7 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को छावनी पुलिस ने मध्यप्रदेश के रीवां से गिरफ्तार किया है। दोनों को पकड़कर भिलाई लाया गया और न्यायालय में पेश किया गया।

मामला थाना छावनी का है। प्रार्थिया सरोज पटेल (43), निवासी प्रगति नगर कैंप-1, भिलाई ने शिकायत दर्ज कराई कि पायल पांडे और सिद्धमून उर्फ लाल पांडे ने उनके पुत्र पीयूष पटेल को रेलवे में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसी भरोसे पर उनसे 7 लाख रुपये ले लिए गए, लेकिन नौकरी नहीं लगी।

शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत धारा 318(4), 296 और 351(3) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पता चला कि दोनों आरोपी रीवां में छिपे हुए हैं। टीम वहां पहुंची और विधिवत कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने ठगी की बात स्वीकार की। पुलिस ने प्रकरण से जुड़े दस्तावेज और नगद लेनदेन से संबंधित साक्ष्य जब्त किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अवैध रूप से पैसा हासिल करने की नीयत से नौकरी का झांसा दिया। मामले की आगे की कार्रवाई जारी है।

आरोपी का नाम :

1. पायल पांडे, निवासी प्रगति नगर कैंप 1, भिलाई

2. सिद्धमून उर्फ लाल पांडे, निवासी प्रगति नगर कैंप 1, भिलाई