म्यूल अकाउंट से ऑनलाइन ठगी का खुलासा, 3.05 लाख की संदिग्ध लेनदेन मामले में आरोपी गिरफ्तार

म्यूल अकाउंट से ऑनलाइन ठगी का खुलासा, 3.05 लाख की संदिग्ध लेनदेन मामले में आरोपी गिरफ्तार

भिलाई।। ऑनलाइन धोखाधड़ी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुपेला पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी की रकम प्राप्त करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई भारत सरकार के गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल से मिली सूचना के आधार पर की गई।

जांच में सामने आया कि एचडीएफसी बैंक की सुपेला शाखा में रूपेश बोबड़े, उम्र 32 वर्ष, निवासी अनंतपुरम, जुनवानी, स्मृति नगर ने एक बैंक खाता खुलवाया था। पुलिस के अनुसार यह खाता ऑनलाइन ठगी की रकम ट्रांसफर और प्राप्त करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।


1 जून 2025 से 11 फरवरी 2026 के बीच इस खाते में कुल 3,05,273 रुपये की संदिग्ध ऑनलाइन राशि जमा होना पाया गया। मामले की पुष्टि के बाद थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 246/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 318(4) के तहत आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बैंक खाते से जुड़े दस्तावेज और संदिग्ध लेनदेन का विवरण जब्त किया है। प्रकरण की विवेचना जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी बड़े साइबर गिरोह से जुड़ा है या नहीं।