महिला प्रधान आरक्षक गिरफ्तार: जब्त 79 ग्राम सोने की ज्वेलरी गबन का आरोप

महिला प्रधान आरक्षक गिरफ्तार: जब्त 79 ग्राम सोने की ज्वेलरी गबन का आरोप

दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र में चोरी के एक पुराने मामले से जुड़ा गंभीर खुलासा हुआ है। जब्त की गई करीब 79 ग्राम सोने की ज्वेलरी के गबन के आरोप में बर्खास्त महिला प्रधान आरक्षक मोनिका सोनी गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, कुछ वर्ष पूर्व मोहन नगर पुलिस ने चोरी के एक प्रकरण में सोने के जेवर जब्त किए थे। यह ज्वेलरी तत्कालीन विवेचक आरक्षक मोनिका गुप्ता की अभिरक्षा में रखी गई थी। बाद में जांच के दौरान यह ज्वेलरी गायब पाई गई, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया।

मामले की जांच में थाने के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की गई। जांच के आधार पर संदेह मोनिका गुप्ता पर गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसके खिलाफ गबन का अपराध दर्ज कर विस्तृत जांच की गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि जब्त सोने के जेवरों का गबन उसी ने किया। उल्लेखनीय है कि मोनिका गुप्ता पूर्व में भी विवादों में रही है। विभागीय जांच में दोषी पाए जाने के बाद पुलिस विभाग ने उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया था।