अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना: श्रमिकों के बच्चों को मिलेगी मुफ्त आवासीय शिक्षा, 3 जुलाई तक करें आवेदन
कक्षा 6वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट विद्यालयों में निःशुल्क पढ़ाई, भोजन, आवास और अध्ययन सामग्री की सुविधा

दुर्ग। छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि 3 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

सहायक श्रमायुक्त कार्यालय दुर्ग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, योजना का लाभ ऐसे निर्माण श्रमिकों की प्रथम दो संतानों को मिलेगा, जिनका कल्याण मंडल में कम से कम एक वर्ष पूर्व से वैध पंजीयन हो। योजना के तहत विद्यार्थियों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में प्रवेश दिया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को न केवल निःशुल्क शिक्षा, बल्कि आवास, भोजन, अध्ययन सामग्री और बेहतर शैक्षणिक वातावरण की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ प्रतिस्पर्धी माहौल मिलेगा।

पात्र विद्यार्थियों का चयन शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के आधार पर किया जाएगा। आवेदन श्रमेव जयते ऐप और श्रम विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किए जा सकते हैं। इसके अलावा श्रम संसाधन केंद्र और चॉइस सेंटर के माध्यम से भी आवेदन जमा किए जा सकते हैं। आवेदन के लिए श्रमिक पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
