भिलाई के इस रेस्टोरेंट में लगी आग, दमकल ने समय पर पाया काबू






दुर्ग। नेहरू नगर स्थित स्मृतिनगर मार्केट में शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक रेस्टोरेंट में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आसपास के दुकानदारों और लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन कार्यालय से एक दमकल टीम तत्काल मौके के लिए रवाना की गई।

बताया गया कि स्मजानुसार स्मृतिनगर में स्थित “गाइस रेस्टोरेंट” (संचालक गौरव सचदेव) के किचन में आग भड़की थी। अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बिना देरी किए रेस्टोरेंट के अंदर प्रवेश किया और करीब एक गाड़ी पानी की मदद से आग पर काबू पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। आग की चपेट में आकर रेस्टोरेंट के भीतर रखे दो फ्रिज, एसी, तंदूरी और अन्य सामान जलकर खाक हो गए।

फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में फायर प्रभारी एफ. प्रवीण बारा सहित संतोष मडरिया, रमेश, दीपक साहू, तामेश और जय सोनकर ने टीम के रूप में काम किया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।