नंदनी रोड पर निगम की सख्ती: अतिक्रमण हटाया, 4 व्यापारियों पर 20 हजार का जुर्माना

भिलाई। नंदनी रोड पर सड़क घेरकर व्यापार करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कड़ा कदम उठाया है। जोन-4 क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के तहत सड़क और फुटपाथ पर फैला सामान हटाया गया और चार व्यापारियों पर कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

काफी समय से शिकायत मिल रही थी कि दुकानदार अपना सामान सड़क तक फैलाकर रख रहे हैं। इससे रोजाना जाम की स्थिति बन रही थी। राहगीरों को पैदल चलने में दिक्कत हो रही थी और वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही थी।

निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर रखा सामान जब्त किया और मार्ग को खाली कराया। नियमों का उल्लंघन करने वालों में हरियाणा ट्रेडर्स, गुड्डू ट्रेडर्स और प्रिया सेल्स सहित अन्य व्यापारी शामिल हैं। सभी को साफ चेतावनी दी गई है कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान पुलिस और राजस्व विभाग का संयुक्त दल भी मौजूद रहा। शहर पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार डिकेश्वर साहू, थाना प्रभारी, सहायक राजस्व अधिकारी बसंत देवांगन, बाल कृष्ण नायडू, बेदखली प्रभारी विनय शर्मा, सहायक प्रभारी हरिओम गुप्ता और निगम की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।