अवैध ईंट भट्ठों पर बड़ी कार्रवाई, 5.85 लाख ईंट और ट्रैक्टर-कोयला जब्त

अवैध ईंट भट्ठों पर बड़ी कार्रवाई, 5.85 लाख ईंट और ट्रैक्टर-कोयला जब्त

बलरामपुर। जिले में अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के निर्देशन में राजपुर, शंकरगढ़ और कुसमी विकासखंडों में संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 5 लाख 85 हजार अवैध ईंटें, 3 ट्रैक्टर और अवैध कोयला जब्त किया गया।

राजपुर अनुविभाग में एसडीएम देवेन्द्र प्रधान के नेतृत्व में नायब तहसीलदार बरियों और माइनिंग विभाग की टीम ने ग्राम भदार में छापामार कार्रवाई की। यहां बिना अनुमति संचालित भट्ठे से संचालक नीरज यादव की करीब 70 हजार तैयार ईंटें जब्त की गईं।

इसी गांव में अमितेष गुप्ता के पास से 1 लाख 20 हजार ईंटें जब्त हुईं। वहीं ग्राम पेंडारी में अमित गुप्ता के पास से 2 लाख ईंटें, अवैध रूप से भंडारित कोयला और एक ट्रैक्टर जब्त किया गया। कुसमी अनुविभाग में एसडीएम करूण डहरिया के नेतृत्व में ग्राम कर्राडांड, पंचायत मदगुरी में बनवारी गिरी द्वारा संचालित अवैध भट्ठे पर कार्रवाई की गई। यहां करीब 1 लाख 20 हजार ईंटें बिना वैधानिक दस्तावेज के पाई गईं, जिन्हें जब्त कर लिया गया। शंकरगढ़ अनुविभाग में एसडीएम विवेक अनमोल टोप्पो के नेतृत्व में ग्राम महुआडीह में राजदेव द्वारा संचालित अवैध भट्ठे पर छापा मारा गया। यहां से करीब 75 हजार ईंटें जब्त की गईं।