पति के इलाज के लिए ली थी रकम, एकमुश्त भुगतान नहीं करने पर मां-बेटे को घर ले जाकर पीटने का आरोप, महिला आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। पति के इलाज के लिए मजबूरी में लिए गए 20 हजार रुपये का कर्ज एक परिवार के लिए मुसीबत बन गया। आरोप है कि उधार रकम देने वाली महिला ने 30 प्रतिशत साप्ताहिक ब्याज की मांग की। एकमुश्त रकम नहीं चुका पाने पर प्रार्थिया और उसके बेटे के साथ गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रही महिला आरोपी प्रीति तांडी (20 वर्ष), निवासी शिव मंदिर के पास, उड़िया बस्ती, रायपुर नाका, दुर्ग, थाना पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस इस प्रकरण में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुपेला निवासी श्रीमती रेखा तांडी ने 19 सितंबर 2026 को थाना भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थिया के पति की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें उपचार के लिए पैसों की आवश्यकता थी। इसी मजबूरी में उन्होंने पूजा राव उर्फ वेंकट लक्ष्मी राव से 20 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि इस रकम के बदले 30 प्रतिशत साप्ताहिक ब्याज मांगा जा रहा था।
एकमुश्त रकम नहीं देने पर मारपीट का आरोप
शिकायत के मुताबिक, पूजा राव ने जब पूरी रकम एक साथ मांगी तो प्रार्थिया ने अपनी तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए एकमुश्त भुगतान करने में असमर्थता जताई। इसके बाद आरोप है कि पूजा राव अपने पुत्र और अन्य साथियों के साथ प्रार्थिया को उपचार कराने के बहाने कार में बैठाकर अपने घर ले गई। वहां प्रार्थिया और उसके बेटे के साथ कथित रूप से गाली-गलौच और मारपीट की गई। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। साथ ही उधार दी गई रकम से अधिक राशि वसूलने का प्रयास किया गया।
पहले तीन आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूजा राव उर्फ वेंकट लक्ष्मी राव, चंदन राव और प्रवीण शर्मा को गिरफ्तार किया था। तीनों आरोपियों को 20 सितंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था। वहीं, घटना के बाद से फरार चल रही महिला आरोपी प्रीति तांडी की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। पुलिस टीम को मिली जानकारी के आधार पर उसे 16 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने कोरा चेक और दस्तावेज किए बरामद
विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रार्थिया का एक कोरा चेक और मामले से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा जरूरतमंद लोगों को अधिक ब्याज पर रकम उधार देकर साप्ताहिक ब्याज की मांग की जाती थी। रकम एकमुश्त नहीं मिलने पर कथित रूप से दबाव बनाकर मारपीट और धमकी के जरिए अधिक पैसे वसूलने का प्रयास किया जाता था।