महापौर अलका बाघमार और सभापति श्याम शर्मा ने बांटे 300 जोड़ी डस्टबिन

महापौर अलका बाघमार और सभापति श्याम शर्मा ने बांटे 300 जोड़ी डस्टबिन

दुर्ग। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र इंदिरा मार्केट को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने व्यापारियों को डस्टबिन वितरित कर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान महापौर अलका बाघमार और सभापति श्याम शर्मा ने दुकानदारों को 300 जोड़ी डस्टबिन वितरित किए। वहीं, दुकानों के बाहर नालियों में कचरा पड़ा देखकर महापौर ने नाराजगी जताई और संबंधित दुकानदारों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।

13 नवंबर को आयोजित इस अभियान के दौरान महापौर एवं सभापति ने जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों के साथ फूल लाइन से प्रिया श्रृंगार सदन, सदर बाजार, मान होटल लाइन होते हुए हटरी बाजार तक दुकानों में पहुंचकर डस्टबिन वितरित किए। उन्होंने व्यापारियों को दुकान से निकलने वाले कचरे का उचित प्रबंधन करने और उसे निर्धारित डस्टबिन में ही रखने की समझाइश दी।

नाली में कचरा देखकर महापौर ने जताई नाराजगी

डस्टबिन वितरण के दौरान कुछ दुकानों के बाहर नालियों में कचरा पड़ा मिला। इस पर महापौर अलका बाघमार ने नाराजगी जताते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को संबंधित दुकानदारों के खिलाफ निगम के नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क और नालियों में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महापौर ने दुकानदारों से कहा कि अपनी दुकानों से निकलने वाले कचरे को डस्टबिन में एकत्रित करें और निगम के कचरा संग्रहण वाहन को ही सौंपें। सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने से गंदगी फैलती है और आम नागरिकों को परेशानी होती है। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि सभी नागरिकों और व्यापारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सड़क तक सामान फैलाने वालों को दी हिदायत

महापौर ने बाजार में निरीक्षण के दौरान सड़क तक सामान फैलाकर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों को भी सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि दुकान का सामान सड़क तक फैलाने से आवागमन बाधित होता है और बाजार में अव्यवस्था की स्थिति बनती है। सभी व्यापारी निर्धारित सीमा में रहकर व्यवसाय करें और स्वच्छता नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ निगम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग प्रभारी नीलेश अग्रवाल, एमआईसी सदस्य ज्ञानेश्वर ताम्रकर, मनीष साहू, शशि साहू, रंजीता पाटिल, जितेंद्र महोबिया, मनीष कोठारी, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, कुणाल सहित नगर निगम का अमला मौजूद रहा।