खारुन नदी के टापू में फंसा था अज्ञात व्यक्ति का शव, SDRF टीम ने रेस्क्यू कर निकाला
अकोला गांव के पास नदी के बीच पहुंची टीम, लाइफ जैकेट पहनकर जवानों ने तैरते हुए शव को बाहर निकाला

दुर्ग। कुम्हारी थाना क्षेत्र के ग्राम अकोला के पास खारुन नदी के बीच बने टापू में फंसे एक अज्ञात व्यक्ति के शव को SDRF दुर्ग की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। शव मिलने की सूचना के बाद जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर SDRF की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची।
घटनास्थल का निरीक्षण करने पर टीम ने पाया कि नदी किनारे मोटर बोट उतारने के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी। वहीं नदी की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए जवानों ने लाइफ जैकेट पहनकर स्वयं नदी में प्रवेश किया और तैरते हुए बीच नदी स्थित टापू तक पहुंचे।
SDRF जवानों ने सावधानीपूर्वक अज्ञात व्यक्ति के शव को टापू से अपने कब्जे में लिया और तैरकर सुरक्षित नदी किनारे पहुंचे।
रेस्क्यू के बाद शव की पहचान और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए उसे कुम्हारी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त के साथ मर्ग पंचनामा एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान और उम्र अज्ञात है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
