पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हो रहे 6 अधिकारी-कर्मचारियों को दी भावभीनी विदाई
35 से 40 वर्षों की सेवा का अनुभव किया साझा, शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मान

दुर्ग। पुलिस विभाग में वर्षों तक अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हो रहे 6 अधिकारी-कर्मचारियों के सम्मान में बुधवार को रक्षित केंद्र दुर्ग के प्रशासनिक भवन स्थित दधीचि प्रशिक्षण हॉल में सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारी-कर्मचारियों के परिजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुई। इस दौरान सभी ने पुलिस विभाग में अपनी 35 से 40 वर्षों की सेवा अवधि के अनुभव साझा किए और सेवाकाल से जुड़ी यादें भी बताईं। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ने सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की दीर्घकालीन सेवाओं का उल्लेख किया। अधिकारियों ने कहा कि उनके कार्य अनुभव और सेवाएं पुलिस विभाग के लिए उपयोगी रही हैं और उनका अनुभव आने वाले कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। समारोह के दौरान सभी सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने सेवानिवृत्ति के बाद उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विभागीय स्तर पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।
ये अधिकारी-कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त
- निरीक्षक (एम) श्रीमती सावित्री धुर्वे मुख्य लिपिक, पुलिस अधीक्षक कार्यालय दुर्ग
- सहायक उप निरीक्षक अनिल सिंह
- सहायक उप निरीक्षक रामस्वरूप कुरेशिया
- सहायक उप निरीक्षक मानसिंह सोनवानी
- प्रधान आरक्षक 225 रामलखन सिंह
- महिला प्रधान आरक्षक 246 पुसु राजपूत
