वाहन चेकिंग में चोरी की बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार, चार महीने पहले सोनपुर से उड़ाई थी मोटरसाइकिल
पुलिस को देखकर भागने और छिपने का प्रयास कर रहा था आरोपी; चोरी की बाइक पर लगाया था दूसरे वाहन का नंबर प्लेट

भिलाई। थाना पाटन पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी करीब चार माह पहले ग्राम सोनपुर से मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद पुलिस से बचने के लिए उस पर दूसरे वाहन का नंबर प्लेट लगाकर चला रहा था। पुलिस ने चोरी की लाल रंग की Honda Livo मोटरसाइकिल क्रमांक CG 24 S 5933, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है, बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार 21 सितंबर 2026 की रात पाटन थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने और छिपने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो उसने शुरुआत में अपना नाम-पता गलत बताया। संदेह होने पर पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना नाम राजकुमार धीवर, उम्र 18 वर्ष 3 माह, निवासी रायपुर बताया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के सामने करीब चार माह पहले ग्राम सोनपुर से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक चोरी की घटना 8 मई 2026 की रात 11 बजे से 9 मई की सुबह 3 बजे के बीच हुई थी। उस दौरान आदित्य प्रजापति की लाल रंग की Honda Livo बाइक ग्राम सोनपुर में उनके ससुर के घर के सामने खड़ी थी। सुबह बाइक गायब मिली, जिसके बाद पाटन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चोरी की बाइक की पहचान छिपाने और पकड़े जाने से बचने के लिए उस पर दूसरे वाहन का नंबर प्लेट लगा दिया था। वह इसी बाइक का इस्तेमाल कर रहा था। वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ा और पूछताछ के बाद चोरी की बाइक बरामद कर ली।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड के लिए पाटन न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।
