बुजुर्ग महिला से चेन झपटमारी करने वाले दो इंजीनियर स्टूडेंट गिरफ्तार, स्कूटी भी बरामद
नेहरू नगर में दोबारा वारदात के बाद पुलिस ने CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंच बनाई; 31 जुलाई और 20 सितंबर की घटनाओं में संलिप्तता का दावा

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से सोने की चेन झपटमारी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर झपटमारी से संबंधित सोने की चेन का हिस्सा बरामद किया है। वहीं वारदात में इस्तेमाल स्कूटी क्रमांक CG-07-NN-6415 के संबंध में भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार 31 जुलाई 2026 को सरोज कुमार राय ने सुपेला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 62 वर्षीय मां गीता देवी सुबह करीब 6:32 बजे घर के सामने पैदल टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक वहां पहुंचे। पीछे बैठे व्यक्ति ने गीता देवी के गले से सोने की चेन झपटी और दोनों मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसके बाद 20 सितंबर 2026 को नेहरू नगर ईस्ट स्थित विद्या विहार कॉलोनी में गीता देवी के साथ दोबारा चेन झपटमारी की घटना हुई। मामले में सुपेला थाने में अपराध क्रमांक 1398/2026, धारा 304 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान CCTV फुटेज और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विक्की नायक (23) की पहचान की गई। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में विक्की ने अपने साथी तरूणा सिन्हा (20) के साथ मिलकर दोनों घटनाओं में शामिल होना बताया। पुलिस के मुताबिक आरोपी स्कूटी से क्षेत्र में घूमकर सुबह के समय पैदल टहलने वाली महिलाओं, खासकर बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। एक आरोपी स्कूटी चलाता था, जबकि दूसरा पीछे बैठकर महिला के गले से चेन झपटकर फरार हो जाता था। पुलिस के अनुसार पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और चेहरे को कपड़े से ढकने का भी इस्तेमाल किया जाता था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सोने की चेन का हिस्सा बरामद किया और घटना में प्रयुक्त स्कूटी के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
आरोपी का नाम
1. विक्की नायक, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम बारसिवनी, वार्ड क्रमांक 11, थाना बारसिवनी, जिला बालाघाट, मध्यप्रदेश; वर्तमान पता तितुरडीह, मुकुट नगर, MIG-07, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग।
2. तरूणा सिन्हा, उम्र 20 वर्ष, निवासी मुदलियार कॉलोनी, राजनांदगांव, थाना चिखली, जिला राजनांदगांव; वर्तमान पता तितुरडीह, मुकुट नगर, MIG-33, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग।
