नाली निर्माण में गड़बड़ी मिली तो महापौर ने रुकवाया काम, ठेकेदार को लगाई फटकार
4 इंच के बेस की जगह मिला 2 इंच निर्माण, जाली उखड़वाकर कराई जांच; गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं करने के निर्देश

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग क्षेत्र में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर महापौर अलका बाघमार ने बुधवार को वार्ड क्रमांक 4 के गया नगर स्थित मुक्तिधाम के पीछे चल रहे नाली निर्माण का औचक निरीक्षण किया। निर्माण में तकनीकी खामियां मिलने पर उन्होंने तत्काल काम रुकवा दिया और ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने नाली के निर्माण की बारीकी से जांच की। मौके पर निर्धारित 4 इंच के बेस की जगह करीब 2 इंच का निर्माण पाया गया। इसके अलावा राफ्ट टॉप का निर्माण भी तय मापदंडों के अनुरूप नहीं मिला। महापौर के निर्देश पर नाली की जाली उखड़वाकर अंदर किए गए निर्माण की वास्तविक स्थिति की जांच कराई गई।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को कमियां दूर कर निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाली में सही स्लोप होना जरूरी है, ताकि बारिश और निस्तारी का पानी सुचारू रूप से बह सके और जलभराव की स्थिति न बने।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नगर निगम के विकास कार्य सीधे जनता से जुड़े हैं। निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। लापरवाही या घटिया निर्माण पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता की जांच के बाद ही आगे की कार्यवाही और भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, सहायक अभियंता सुरेश केवलानी, उपअभियंता विकास दमाहे, सिद्धार्थ साहू सहित संबंधित ठेकेदार मौजूद रहे।
