भिलाई में गटर की सफाई के दौरान मिला नवजात, इलाके में मचा हड़कंप

भिलाई। सेक्टर-2 में बुधवार को गटर की सफाई के दौरान नवजात मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सड़क नंबर 11 और 12 के बीच गटर की सफाई कर रहे कर्मचारियों ने अंदर नवजात को पड़ा देखा। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक नवजात करीब दो से तीन दिन का बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में भट्ठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जानकारी के मुताबिक सेक्टर-2 में सड़क नंबर 11 और 12 के बीच गटर लंबे समय से जाम था। इसके चलते पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी। स्थानीय लोगों ने समस्या को लेकर बीएसपी प्रबंधन से शिकायत की थी। शिकायत के बाद बुधवार को गटर की सफाई का काम शुरू कराया गया था। सफाई कर्मचारी जब गटर के भीतर जमा गंदगी निकाल रहे थे, तभी उनकी नजर नवजात पर पड़ी। नवजात को देखते ही कर्मचारियों ने सफाई का काम रोक दिया और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
वार्ड पार्षद हरीश ने बताया कि गटर जाम होने के कारण काफी समय से पानी निकासी की समस्या बनी हुई थी। शिकायत के बाद सफाई कराई जा रही थी, इसी दौरान गटर के अंदर नवजात दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलने पर भट्ठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। नवजात गटर तक कैसे पहुंचा और उसे वहां किसने छोड़ा, इसकी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।
