धान बोनस और किसानों की मांगों को लेकर आज रायपुर में किसान गर्जना रैली

धान बोनस और किसानों की मांगों को लेकर आज रायपुर में किसान गर्जना रैली

रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर आज 27 अक्टूबर को भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के बैनर तले किसान गर्जना रैली का आयोजन किया जा रहा है। संगठन ने किसानों से रायपुर पहुंचने की अपील की है। रैली के बाद नया रायपुर स्थित महानदी भवन के घेराव का कार्यक्रम घोषित किया गया है।

भारतीय किसान संघ की ओर से जारी पोस्टर के मुताबिक, रैली सुबह 11 बजे शुरू होगी। संगठन ने धान खरीदी के बकाया भुगतान, बोनस, फसल नुकसान का मुआवजा और कृषि सुविधाओं से जुड़ी कई मांगें उठाई हैं।

किसान संघ की प्रमुख मांगों में वर्ष 2022-23 की धान खरीदी का 1700 करोड़ रुपये का बकाया किसानों को तत्काल देने, तीन वर्षों की 258 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य वृद्धि का लाभ देने और धान खरीदी की व्यवस्था में सुधार करने की मांग शामिल है। संगठन ने धान खरीदी की अवधि 15 नवंबर से 15 फरवरी तक निर्धारित करने और प्रति तौल अधिकतम 40 किलो 700 ग्राम धान लेने का शासनादेश जारी करने की मांग भी रखी है। इसके अलावा बाढ़ से फसल नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने, छोटे और सीमांत किसानों को टोकन व्यवस्था में राहत देने तथा अधूरी सिंचाई योजनाओं को तेजी से पूरा करने की मांग की गई है।किसान संघ ने खाद की अधिक कीमत पर बिक्री रोकने, मक्का और गेहूं की खरीदी को समर्थन मूल्य पर सुनिश्चित करने तथा भूमि अधिग्रहण में उचित प्रक्रिया अपनाने की भी मांग उठाई है।